IPL सट्टेबाजी पर ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो सटोरी गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर। आईपीएल मैचों में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाकर अवैध कमाई करने वाले दो सटोरियों को ऊधमसिंहनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपदभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में थाना पुलभट्टा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी।
दिनांक 23 मई 2026 को थाना पुलभट्टा पुलिस एवं एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हिमांशु रस्तोगी निवासी इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी सितारगंज तथा सौरभ कुमार निवासी कुँवरपुर सिसैया, सितारगंज शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में एफआईआर संख्या 85/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध एवं ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

