सहसपुर में नकबजनी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; 3 लाख की ज्वैलरी बरामद

सहसपुर में नकबजनी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; 3 लाख की ज्वैलरी बरामद
Spread the love

देहरादून पुलिस ने सहसपुर क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लगभग 3 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और पूर्व में भी चोरी तथा मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को राज सिंह निवासी शंकरपुर हुकुमतपुर, सहसपुर ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान प्राप्त सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 30 मई की रात शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर आम के बाग के पास से रहमान, फैजान और शहबान को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी भी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे की लत के शिकार हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में गठित टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल डब्बल सिंह तथा कांस्टेबल त्रेपन सिंह, बृजपाल सिंह, राजवीर भंडारी, मंजीत कुमार और मुन्ना सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का सफल खुलासा हो सका।

देवभूमि खबर

Related articles