उच्च व तकनीकी शिक्षा में अटैचमेंट व्यवस्था होगी समाप्त, प्रतिनियुक्त कार्मिकों की होगी वापसी: डॉ. धन सिंह रावत

उच्च व तकनीकी शिक्षा में अटैचमेंट व्यवस्था होगी समाप्त, प्रतिनियुक्त कार्मिकों की होगी वापसी: डॉ. धन सिंह रावत
Spread the love

वार्षिक स्थानांतरण से पहले मूल तैनाती स्थलों पर भेजे जाएंगे शिक्षक और कर्मचारी


देहरादून। उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दोनों विभागों में शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सभी प्रकार की सम्बद्धताओं (अटैचमेंट) समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभिन्न संस्थानों एवं विभागों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कार्मिकों को भी उनके मूल तैनाती स्थलों पर वापस भेजा जाएगा।

डॉ. रावत ने कहा कि वर्तमान में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी अपने मूल कार्यस्थलों के बजाय अन्य महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और विभागों में सम्बद्ध या प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। इससे कई महाविद्यालयों और पॉलीटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रशासनिक कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि विद्यालयी शिक्षा विभाग की तर्ज पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में भी अटैचमेंट व्यवस्था समाप्त की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया से पहले सभी सम्बद्धताओं को समाप्त कर संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थलों पर भेजा जाए।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी शिक्षण संस्थानों में मानव संसाधनों का संतुलित, पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके और संस्थानों की कार्यप्रणाली मजबूत हो।

इसके अलावा प्रतिनियुक्ति पर गए कार्मिकों की भी समीक्षा कर आवश्यकता अनुसार उन्हें शीघ्र उनके मूल विभागों और तैनाती स्थलों पर वापस भेजने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles