हवालबाग में ‘खेत बचाओ अभियान’ बना जनांदोलन, मुख्यमंत्री धामी ने किसानों से मिट्टी और खेती बचाने का किया आह्वान

हवालबाग में ‘खेत बचाओ अभियान’ बना जनांदोलन, मुख्यमंत्री धामी ने किसानों से मिट्टी और खेती बचाने का किया आह्वान
Spread the love

अल्मोड़ा। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच कृषि और किसानों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से हवालबाग में राज्य स्तरीय ‘खेत बचाओ अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि संरक्षण, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और किसानों को भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मडुआ, झंगोरा, चौलाई समेत पारंपरिक मोटे अनाजों के संरक्षण और उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्मोड़ा की धरती पर किसानों के बीच आकर उन्हें नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि “खेत बचाओ अभियान” अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनांदोलन बन चुका है। मुख्यमंत्री ने किसानों से कृषि भूमि, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की शक्ति और हिम्मत हैं। हमारी संस्कृति में मिट्टी मां के समान पूजनीय है, इसलिए उसकी उर्वरा शक्ति बनाए रखना और खेतों को रासायनिक पदार्थों से यथासंभव मुक्त रखना आवश्यक है। उन्होंने भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित कृषि व्यवस्था छोड़ने पर बल दिया।

उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही किसानों से नियमित मिट्टी परीक्षण कराने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा वैज्ञानिक और जलवायु अनुकूल खेती अपनाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक समृद्धि एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पॉलीहाउस, फलोत्पादन, कोल्ड स्टोरेज, मेगा फूड पार्क और सुगंधित फसलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को योजनाओं का लाभ सीधे डीबीटी के माध्यम से दिया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद में तारबाड़ योजना के तहत लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया तथा कृषि संरक्षण, मिट्टी संवर्धन और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक रानीखेत डॉ प्रमोद नैनवाल, विधायक जागेश्वर श्री मोहन सिंह मेहरा, विधायक सल्ट श्री महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती हेमा गैड़ा, दायित्वधारी गंगा बिष्ट, श्री गोविंद पिलख्वाल, मेयर अल्मोड़ा श्री अजय वर्मा, कृषि सचिव श्री सुरेंद्र नारायण पांडे, निदेशक कृषि दिनेश सिंह, जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजी शरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles