एसटीएफ और ऊधमसिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारक गिरफ्तार
काशीपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में काशीपुर क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से तीन अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 65 कारतूस और तीन कूटरचित (फर्जी) शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ द्वारा पिछले एक माह से फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में गोपनीय जांच की जा रही थी। जांच के आधार पर काशीपुर कोतवाली में 10 फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान देर रात संयुक्त अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि नौशाद हुसैन सहित 10 व्यक्तियों ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से जारी दर्शाए गए शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर काशीपुर के गन हाउस से हथियार खरीदे थे। एसटीएफ द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन कराने पर पता चला कि संबंधित व्यक्तियों के नाम से कोई लाइसेंस जारी ही नहीं किया गया था तथा लाइसेंस नंबर अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थे। इस प्रकार सभी लाइसेंस प्रथम दृष्टया फर्जी पाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है। फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं, इसलिए ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ ने आमजन से भी अपील की है कि फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
नौशाद हुसैन निवासी काशीपुर, ऊधमसिंह नगर।
जतिन कांडपाल निवासी काशीपुर, ऊधमसिंह नगर।
अजीम निवासी शाहजहांपुर (वर्तमान निवासी काशीपुर)।
तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक पिस्टल, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

