विकासनगर अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग तेज, जन संघर्ष मोर्चा ने किया तहसील घेराव

Spread the love

विकासनगर। स्थित उप जिला चिकित्सालय में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती तथा संबंधित यूनिटों के संचालन की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने जोरदार हुंकार भरी। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर का घेराव कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री रयाल को ज्ञापन सौंपते हुए मोर्चा ने क्षेत्र में हृदय एवं तंत्रिका रोग विशेषज्ञों की तत्काल तैनाती की मांग की। रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उप जिला चिकित्सालय विकासनगर पछवादून, जौनसार-बावर तथा आंशिक रूप से उत्तरकाशी क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। अस्पताल में प्रतिदिन 500 से अधिक ओपीडी होती है और 150 से 200 किलोमीटर दूर-दराज के क्षेत्रों के मरीज भी इसी अस्पताल पर निर्भर हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती न होने के कारण हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक जैसे गंभीर मामलों में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। कई बार मरीजों को देहरादून रेफर करना पड़ता है, जिससे रास्ते में ही उनकी जान चली जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीज निजी अस्पतालों में इलाज और महंगे परीक्षण कराने में भी सक्षम नहीं होते।

नेगी ने कहा कि भले ही वर्तमान विभागीय ढांचे और मानकों के अनुसार इन विशेषज्ञों के पद स्वीकृत न हों, लेकिन क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और जनता की जरूरतों को देखते हुए सरकार को मानकों में शिथिलता देते हुए नए पद सृजित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि जन संघर्ष मोर्चा मरीजों को भगवान भरोसे नहीं छोड़ सकता और इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, विनयकांत नौटियाल, के.सी. चंदेल, भीम सिंह बिष्ट, हाजी असद, अनुपम कपिल, मुजीबुर रहमान, एम.ए. सिद्दीकी, प्रवीण शर्मा, विनोद पड्डा, प्रमोद शर्मा, सतीश गुप्ता, राजकुमार गोयल, गौरव लोधा सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles