क्रिकेट प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश, मोरी पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

क्रिकेट प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश, मोरी पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
Spread the love

उत्तरकाशी। जनपद में युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत ने मोरी क्षेत्र के वाल्टी तप्पड़ में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तथा खेलकूद और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है।

इस अवसर पर पुलिस टीम ने उपस्थित खिलाड़ियों, युवाओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों को नशा मुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव तथा पुलिस हेल्पलाइन संबंधी जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए। साथ ही साइबर ठगी से बचने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा युवाओं को नशे, साइबर अपराधों और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।

“नशे को कहें ना, खेलों को बनाएं अपनी पहचान” के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

देवभूमि खबर

Related articles