HTML tutorial
HTML tutorial

अल्मोड़ा पुलिस का बड़ा खुलासा: पिता की हत्या के आरोप में बेटी-दामाद गिरफ्तार, जम्मू-कश्मीर से दबोचे गए आरोपी

अल्मोड़ा पुलिस का बड़ा खुलासा: पिता की हत्या के आरोप में बेटी-दामाद गिरफ्तार, जम्मू-कश्मीर से दबोचे गए आरोपी
Spread the love

अल्मोड़ा ।पुलिस ने रिश्तों को शर्मसार करने वाले सनसनीखेज हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए फरार चल रहे बेटी और दामाद को जम्मू-कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और लगातार सर्च ऑपरेशन के जरिए दोनों आरोपियों को घटना के छह दिन के भीतर धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, थाना दन्या क्षेत्र के ग्राम सैली निवासी चन्द्रशेखर पर 20 जून 2026 की रात दरांती से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल चन्द्रशेखर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में सर्च अभियान चलाया।

करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और कई होटल व ढाबों की जांच की गई। इसी दौरान घटना में प्रयुक्त कार हिसार (हरियाणा) से बरामद हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के जम्मू-कश्मीर के कटरा में छिपे होने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा लाया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक अपनी पुत्री के साथ शादी से पहले अत्याचार करता था। इसी रंजिश के चलते बेटी जानकी पाण्डे और उसके पति धर्मवीर शर्मा ने करीब एक माह पहले हत्या की योजना बनाई। पैसे की व्यवस्था के लिए उन्होंने अपने आभूषण बेचे और फिर अल्मोड़ा पहुंचकर दरांती से हमला कर चन्द्रशेखर को मृत समझकर फरार हो गए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दरांती और खून से सनी कमीज भी बरामद कर ली है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि मृतक की पत्नी की घटना में संलिप्तता नहीं पाई गई है। वहीं, आरोपी धर्मवीर शर्मा के विरुद्ध हरियाणा में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles