कांवड़ मेले की तैयारियां तेज: नीलकंठ धाम में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का एएसपी कोटद्वार ने किया निरीक्षण

पौड़ी।आगामी श्रावण कांवड़ मेले को लेकर पौड़ी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और मेले के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर स्थित जिला पंचायत बैरियर की पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, वाहन पार्किंग तथा यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही कोठार बायपास मार्ग, पार्वती माता मंदिर पार्किंग, झिलमिल गुफा क्षेत्र और पुंडरासूं चौक से पुलिया खेत तक सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने तोली मंदिर गेट से श्री नीलकंठ महादेव मंदिर तक पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस जवानों के लिए तैयार की जा रही बैरकों और नव निर्मित नीलकंठ पुलिस चौकी का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के अंत में संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि श्रावण कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था, प्रभावी भीड़ नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

