4 जुलाई से फिर शुरू होगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान, 15 दिन तक जनता के बीच पहुंचेगी धामी सरकार

4 जुलाई से फिर शुरू होगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान, 15 दिन तक जनता के बीच पहुंचेगी धामी सरकार
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में 4 जुलाई से 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहकर आम जनता की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करेंगे तथा सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन-प्रशासन स्वयं जनता तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत यह अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यकाल के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किए जा रहे इस अभियान में सभी सक्षम अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित 45 दिवसीय ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दौरान प्रदेशभर में 681 शिविर लगाए गए थे, जिनमें 5.33 लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लगभग 33 हजार जन शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया था। इस पहल को सुशासन की प्रभावी और सफल पहल के रूप में भी सराहा गया।

देवभूमि खबर

Related articles