यूएई में रोजगार का अवसर, ओवरसीज प्लेसमेंट ड्राइव में उत्तराखण्ड के 27 युवाओं का चयन

देहरादून। उत्तराखण्ड के कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत संचालित “मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना” के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ओवरसीज प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया।
विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा भर्ती एजेंसी 2COMS के सहयोग से आयोजित इस प्लेसमेंट ड्राइव में यूएई के आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में संपन्न हुए।
प्लेसमेंट ड्राइव में उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों से 80 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर साक्षात्कार दिया। चयन प्रक्रिया के बाद 27 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिन्हें यूएई में रोजगार का अवसर मिलेगा।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं को कौशल विकास के साथ देश-विदेश में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ा जा सके।

