राजपुर के बड़े साड़ी शोरूम में लाखों की चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

राजपुर के बड़े साड़ी शोरूम में लाखों की चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। थाना राजपुर पुलिस ने जाखन स्थित एक बड़े साड़ी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 3 लाख रुपये मूल्य की पांच महंगी सिल्क की साड़ियां, 2 लाख रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को जाखन निवासी शोरूम संचालक मोइनुद्दीन खान ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके शोरूम से महंगी सिल्क की साड़ियां और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा संदिग्धों के संबंध में व्यापक जांच की। लगातार की गई सुरागरसी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 1 जुलाई को दिल्ली से महिला आरोपी बीना को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में बीना ने बताया कि वह अपनी बहन और एक परिचित के साथ घूमने के लिए देहरादून आई थी। राजपुर क्षेत्र में घूमने के दौरान उसने एक बड़े साड़ी शोरूम को देखकर चोरी की योजना बनाई। योजना के तहत रात के समय अपने साथी रामकुमार के साथ शोरूम का ताला तोड़कर पांच महंगी सिल्क की साड़ियां और दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।

महिला आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके सहयोगी रामकुमार को भी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। उसकी स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी के दौरान चोरी की गई सभी पांच सिल्क की साड़ियां और दो लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीना (60 वर्ष), निवासी मंगोलपुरी, नई दिल्ली तथा रामकुमार (48 वर्ष), निवासी सेक्टर-1, अवंतिका, रोहिणी, नई दिल्ली के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजपुर उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट, चौकी प्रभारी जाखन उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, महिला उपनिरीक्षक सीमा चौहान, कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल मोहित तथा महिला कांस्टेबल ऋषिका शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles