माउंट देव टिब्बा अभियान में उत्तराखंड एनसीसी कैडेटों का परचम, 5,200 मीटर ऊंची चोटी पर किया सफल शिखरारोहण

देहरादून। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अखिल भारतीय बालक एवं बालिका पर्वतारोहण अभियान में उत्तराखंड निदेशालय के तीन कैडेटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। अभियान का शुभारंभ 4 जून 2026 को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री कविंद्र गुप्ता द्वारा किया गया था।
अभियान के दौरान उत्तराखंड निदेशालय के कैडेटों ने कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में साहस, धैर्य और उत्कृष्ट पर्वतारोहण क्षमता का परिचय दिया। 18 जून 2026 को कैडेटों ने प्रातः 4:00 बजे टेंटा बेस कैंप से चढ़ाई शुरू की और चुनौतीपूर्ण मार्गों को पार करते हुए सुबह 8:30 बजे समुद्र तल से 5,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित जगतसुख (Jagatsukh) चोटी पर सफलतापूर्वक शिखरारोहण किया।
इस उपलब्धि में 11 यूके बटालियन एनसीसी, दून विश्वविद्यालय की कैडेट सायशा पंवार, 84 यूके बटालियन एनसीसी की कैडेट नैना देवी तथा 1 यूके एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, देहरादून के एसयूओ हिमांशु सिंह शामिल रहे।
कैडेटों की इस उल्लेखनीय सफलता पर उत्तराखंड निदेशालय एवं संबंधित एनसीसी इकाइयों में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि एनसीसी कैडेटों के साहस, अनुशासन, टीम भावना और रोमांचकारी गतिविधियों के प्रति उनके समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण मानी जा रही है।

