लक्सर में विधायक निधि घोटाले का खुलासा, कागजों में बनी सड़क; जांच में 35.50 मीटर का बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर

लक्सर में विधायक निधि घोटाले का खुलासा, कागजों में बनी सड़क; जांच में 35.50 मीटर का बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
Spread the love

हरिद्वार । लक्सर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए सड़क निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता और फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की ओर से कराई गई स्थलीय जांच में ग्राम दरगाहपुर में स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण में गंभीर गड़बड़ियां सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

मामले की शुरुआत ग्राम दरगाहपुर निवासी कपिल कुमार द्वारा 23 जून 2025 को की गई शिकायत से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक निधि से स्वीकृत चन्द्रपाल सैनी के घर से राहुल कुमार सैनी के घर तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य कागजों में पूरा दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने 4 जून 2026 को संयुक्त जांच टीम गठित की। टीम ने 30 जून 2026 को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें शिकायत को सही पाया गया। जांच में सामने आया कि जिस स्थान पर सड़क स्वीकृत थी, वहां कोई निर्माण नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क दूसरी दिशा में बनाई गई थी।

जांच के दौरान सबसे बड़ा खुलासा सड़क की लंबाई को लेकर हुआ। सरकारी अभिलेखों और माप पुस्तिका (एमबी) में दो निर्माण कार्यों की कुल लंबाई 205.50 मीटर दर्ज थी, जबकि मौके पर संयुक्त पैमाइश में दोनों सड़कों की वास्तविक लंबाई केवल 170 मीटर पाई गई। इस तरह रिकॉर्ड और वास्तविक निर्माण में 35.50 मीटर का अंतर मिला, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका मजबूत हो गई।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्कालीन एवं वर्तमान जिम्मेदार अधिकारियों—तत्कालीन प्रभारी खंड विकास अधिकारी पवन सिंह सैनी, तत्कालीन अपर सहायक अभियंता संदीप कुमार और तत्कालीन लेखाकार राजीव कुमार त्रिपाठी—को कारण बताओ नोटिस जारी कर अभिलेखीय साक्ष्यों सहित तत्काल जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles