नैनीताल के अयारपाटा वार्ड में मिला अजगर का बच्चा, सभासद मनोज जगाती ने सुरक्षित पकड़कर वन विभाग को सौंपा

रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी के अयारपाटा वार्ड में अजगर का बच्चा दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नैनीताल नगर क्षेत्र में अजगर मिलने की घटना को स्थानीय लोग बेहद असामान्य बता रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर पालिका सभासद एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जगाती मौके पर पहुंचे और सूझबूझ व सावधानी का परिचय देते हुए अजगर के बच्चे को सुरक्षित पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि अयारपाटा क्षेत्र में पहली बार अजगर दिखाई दिया है। यदि समय रहते उसे नहीं पकड़ा जाता और वह जंगल या रिहायशी इलाके में चला जाता, तो भविष्य में लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और अजगर को देखने वालों का तांता लग गया। हालांकि इस दौरान किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संभावना जताई जा रही है कि अजगर का बच्चा किसी वाहन के माध्यम से तराई क्षेत्र से नैनीताल पहुंचा होगा। अयारपाटा क्षेत्र में होटल और रिसॉर्ट बड़ी संख्या में होने के कारण यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी सामान या वाहन के साथ यहां आ गया होगा।
जानकारों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में किंग कोबरा जैसे गर्म जलवायु वाले वन्यजीव भी देखे गए हैं। ऐसे में विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील कर रहे हैं। इस बीच, सभासद मनोज जगाती की सतर्कता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य की नगरवासियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।

