रायपुर फायरिंग कांड का 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, दून पुलिस ने तमंचा भी किया बरामद

देहरादून । रायपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे ₹15 हजार के इनामी आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी तमंचा भी बरामद किया गया है। इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूड़ी ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जुलाई की रात वह अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान 3-4 युवक वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से नवीन राणा के कंधे तथा वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में थाना रायपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल की संलिप्तता सामने आई। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे आरोपी पर एसएसपी ने ₹15 हजार का इनाम घोषित किया था।
लगातार सुरागरसी और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 को आरोपी ओमप्रकाश को सिक्यूआई रायपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का देशी तमंचा भी बरामद किया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम मंडौरी, थाना नेहटौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक विनोद सिंह राणा (एसओजी), अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, कांस्टेबल कमलेश सजवाण, बृजमोहन सिंह, देवेंद्र तथा जितेंद्र चौधरी शामिल रहे।

