पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा

गोपेश्वर। चमोली जिले के गोपेश्वर थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 की रात गोपेश्वर थाना क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में वादिनी ने थाना गोपेश्वर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि क्यार्की देवलधार निवासी विक्रम लाल (42) पुत्र सज्जन लाल ने घटना वाली रात अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। आरोप है कि इसके बाद महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
तहरीर के आधार पर थाना गोपेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 27/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त विक्रम लाल को पठियालधार पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद रावत, हेड कांस्टेबल विवेक रावत, कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल चालक प्रदीप कुकरेती, एसओजी कांस्टेबल रजत शर्मा और महिला होमगार्ड बबीता शामिल रहे ।


