उत्तराखंड में ‘गेम चेंजर योजना’ का शुभारंभ, 35 लाख विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क नोटबुक

उत्तराखंड में ‘गेम चेंजर योजना’ का शुभारंभ, 35 लाख विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क नोटबुक
Spread the love

देहरादून।उत्तराखण्ड सरकार ने विद्यालयी शिक्षा को सुदृढ़ और छात्र-हितैषी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘गेम चेंजर योजना’ (निःशुल्क नोटबुक वितरण योजना) का शुभारंभ किया। योजना का शुभारंभ मंगलवार को पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया।

इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनकी पढ़ाई को बेहतर बनाना है।

उन्होंने बताया कि जनपद देहरादून में लगभग 4.70 लाख नोटबुक वितरित की जाएंगी, जबकि पूरे प्रदेश में करीब 35 लाख नोटबुक विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएंगी। योजना के तहत कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों को एक-एक, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को तीन-तीन तथा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को पांच-पांच निःशुल्क नोटबुक प्रदान की जाएंगी।

शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, समावेशी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रावत ने पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हाथीबड़कला की छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित कर योजना का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) प्रेमलाल भारती, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता बौडाई सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles