नई टिहरी में महिला की हत्या से सनसनी, आरोपी पुत्र फरार; पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी

नई टिहरी में महिला की हत्या से सनसनी, आरोपी पुत्र फरार; पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी
Spread the love

नई टिहरी। कोतवाली नई टिहरी क्षेत्र के भटगांव, कोटी खास में 52 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हत्या का आरोप मृतका के बड़े पुत्र पर है, जो घटना के बाद से फरार है।

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि श्रीमती डुगा देवी (52), पत्नी स्व. गुलाब सिंह, निवासी भटगांव, कोटी खास की किसी अज्ञात भारी वस्तु से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नई टिहरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस क्षेत्राधिकारी नई टिहरी ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।

प्रारंभिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतका के बड़े पुत्र अजय सजवान (लगभग 35 वर्ष) पर हत्या का संदेह है। घटना के बाद से वह फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग के सहयोग से संभावित स्थानों पर सघन कॉम्बिंग एवं सर्च अभियान चला रही है। मृतका के भतीजे कृष्ण सजवान की तहरीर के आधार पर कोतवाली नई टिहरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है और वह पहले भी कई दिनों तक घर से लापता रहकर जंगलों में भटकता रहता था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles