श्यामपुर के फूड प्लाजा रेस्टोरेंट पर आबकारी विभाग की छापेमारी, अवैध शराब के साथ संचालक गिरफ्तार
ऋषिकेश। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाते हुए आबकारी विभाग ऋषिकेश की टीम ने श्यामपुर बाजार स्थित एक फूड प्लाजा रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट की तलाशी में 55 पव्वे, 8 अध्धे अंग्रेजी शराब तथा 16 कैन बीयर बरामद हुई।
मौके से सिमोन पुत्र अनूप बहादुर, निवासी भद्रकाली रोड, रायवाला, देहरादून को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश उनियाल, अर्जुन सिंह तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार शामिल रहे।

