हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

हरिद्वार। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 17 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें कोतवाली गंगनहर और कनखल में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों से संबंधित मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।
वाहन चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सघन जांच के आधार पर सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर शाहपुर रुड़की स्थित जियाउलहक के आम के बाग के पास एक खंडहर से चोरी के वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हरिद्वार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें सुनसान स्थान पर छिपाकर रखते थे। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कोतवाली गंगनहर में दर्ज चार मामलों तथा कनखल के एक मामले से संबंधित मोटरसाइकिलों सहित कुल 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई में एसएचओ मनी भूषण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजल्वाण, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि तथा कोतवाली गंगनहर एवं सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

