एसएसपी श्वेता चौबे ने मुनि की रेती का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
टिहरी गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मेला ड्यूटी में सहयोग कर रहे एसपीओ को टी-शर्ट, टोपी एवं पहचान पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कांवड़ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को फल, जूस एवं पेयजल वितरित किया और उनसे सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा करने की अपील की। साथ ही पुलिस द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने खोया-पाया केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि भीड़ में बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के प्रति पूरी संवेदनशीलता, धैर्य और तत्परता के साथ कार्य करते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, गंगा घाटों की सतत निगरानी तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष सतर्कता बनाए रखें, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
टिहरी पुलिस ने कहा कि “सेवा, सुरक्षा और सहयोग” की भावना के साथ कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
