11 अगस्त को देहरादून में रोजगार मेला, 559 पदों पर भर्ती के लिए होगी चयन प्रक्रिया

देहरादून। जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 11 अगस्त 2026 को प्रातः 9:30 बजे एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां कुल 559 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले के लिए अभ्यर्थियों का पंजीकरण 4 अगस्त से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शुरू हो चुका है। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के समय अभ्यर्थियों को बायोडाटा, मूल शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
रोजगार मेले में सीएएमपी-108, एनआईटीटी लिमिटेड, परिश्रम रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड, डिक्सॉन, एक्सिस बैंक, आईजोन, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, बारबेक्यू नेशन, आईपीसीए, मोचिको और टीआई मेडिकोज सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर कुल 559 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि कंपनियों की भागीदारी एवं रिक्त पदों की संख्या परिस्थितियों के अनुसार घट या बढ़ सकती है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक शिक्षित एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं से समय रहते पंजीकरण कर रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की।

