स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृतियों के संरक्षण को प्राथमिकता, चमोली डीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृतियों के संरक्षण को प्राथमिकता, चमोली डीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
Spread the love

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े लंबित प्रकरणों, स्मारकों, नामकरण प्रस्तावों और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपद में सेनानियों के नाम पर स्थापित स्मारकों, शिलापट्टों, सड़कों, चौराहों एवं अन्य परिसंपत्तियों से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा विभागवार नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में गोपेश्वर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में प्रस्तावित संग्रहालय (म्यूजियम) के निर्माण हेतु शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बताया गया कि राजकीय इंटर कॉलेज नंदप्रयाग के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण गढ़केशरी अनुसूया प्रसाद बहुगुणा के नाम पर पूरा हो चुका है, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज कनखुल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय भजन सिंह तोपाल के नाम से जुड़े अधिकांश कार्य भी पूर्ण कर लिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर सड़कों, विद्यालयों एवं अन्य सरकारी परिसंपत्तियों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव शीघ्र सक्षम समिति को भेजने, सभी सरकारी अस्पतालों में सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा आवश्यकता अनुसार हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज नंदप्रयाग का नाम गढ़केशरी अनुसूया प्रसाद बहुगुणा के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने, विद्यालय को क्लस्टर विद्यालय में शामिल करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदप्रयाग की संपर्क सड़क के ढाल में आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।

बैठक में वर्ष 1942 के कर्णप्रयाग कांड की स्मृति में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित पुस्तक “आजादी के गुमनाम नायक” के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, परियोजना निदेशक आनंद कुमार तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles