ट्रांजिट कैम्प हत्याकांड का खुलासा: ₹5 हजार की चोरी के शक में दोस्त ने की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

ट्रांजिट कैम्प हत्याकांड का खुलासा: ₹5 हजार की चोरी के शक में दोस्त ने की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने 31 जुलाई को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या ₹5 हजार की चोरी के संदेह में रंजिश के चलते उसके करीबी मित्र ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत की थी।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के शिवनगर में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। घटनास्थल की जांच, 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान 23 वर्षीय अनिल कुमार निवासी ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैम्प के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन मृतक अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। बाद में उसका करीबी मित्र सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से हमला किया तथा बाद में रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि मृतक ने उसके ₹5 हजार चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। घटनास्थल से जुटाए गए रक्तरंजित नमूनों सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को परीक्षण के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार उर्फ इक्का (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles