रुद्रप्रयाग पुलिस का बड़ा खुलासा: पम्प हाउस व हॉटमिक्स प्लांट से चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग, 05 अगस्त। रुद्रप्रयाग पुलिस ने पम्प हाउसों और हॉटमिक्स प्लांट्स से कॉपर प्लेट्स, केबल और मोटरों की चोरी करने वाले गिरोह का छह दिनों के भीतर पर्दाफाश करते हुए चोरी करने वाले चार मुख्य आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले तीन कबाड़ियों सहित कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त दो स्कूटियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई और 1 अगस्त को पम्प हाउसों तथा हॉटमिक्स प्लांट से कॉपर कंडक्टर केबल, कॉपर प्लेट्स, मोटर, हाइड्रोलिक पम्प एवं अन्य सामान चोरी होने के दो अलग-अलग मुकदमे कोतवाली रुद्रप्रयाग में दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने सीसीटीवी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से छह दिनों के भीतर पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने कोर्ट तिराहे के पास चेकिंग के दौरान चार मुख्य आरोपियों को दो स्कूटियों सहित गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर तिलणी और बस अड्डा रुद्रप्रयाग स्थित कबाड़ी दुकानों पर छापेमारी कर चोरी का सामान खरीदने वाले तीन कबाड़ियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी में कुल 147 कॉपर प्लेट्स, 50.28 मीटर समरसीबल केबल एवं तांबे के तार (6.284 किलोग्राम), दो इलेक्ट्रिक मोटरें तथा वारदात में प्रयुक्त दो स्कूटियां शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुलदीप पंत (विवेचक), उपनिरीक्षक जयवीर सिंह रावत (विवेचक), अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज चौहान, महावीर सिंह एवं गोविंद सिंह तथा एसओजी के कांस्टेबल दीपक प्रसाद, देवेन्द्र सिंह, विनय पंवार और प्रदीप कुमार शामिल रहे।

