रिश्वत लेते जम्मू-कश्मीर पुलिस का सब-इंस्पेक्टर CBI के हत्थे चढ़ा

जम्मू। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सब-इंस्पेक्टर जम्मू के थाना जानीपुर में तैनात बताया गया है। आरोप है कि उसने वैवाहिक विवाद से जुड़े मामले में शिकायतकर्ता के खिलाफ FIR दर्ज नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
CBI के अनुसार शिकायत के आधार पर 16 अगस्त 2026 को आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वैवाहिक विवाद को लेकर उसके खिलाफ FIR दर्ज नहीं करने के बदले सब-इंस्पेक्टर ने ₹20,000 की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद आरोपी अधिकारी ₹10,000 रिश्वत लेने पर सहमत हो गया।
शिकायत की पुष्टि के बाद CBI ने 16 अगस्त को जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी सब-इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता से ₹10,000 की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
CBI की टीम द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
