भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड को अहम जिम्मेदारी, तीरथ सिंह रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त

महेंद्र पांडेय केंद्रीय कार्यालय सचिव, अनिल बलूनी मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट सोशल मीडिया सह-संयोजक बने
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की है। जारी सूची के अनुसार उत्तराखंड से कई प्रमुख नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं श्री महेंद्र पांडेय को केंद्रीय कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। उत्तराखंड से ही आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई राष्ट्रीय टीम में पार्टी के विभिन्न राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ-साथ मोर्चों और संगठनात्मक प्रकोष्ठों में भी नई जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
उत्तराखंड के चार नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से प्रदेश भाजपा संगठन में भी उत्साह का माहौल है। तीरथ सिंह रावत की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्ति को उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व का निर्णय माना जा रहा है। वहीं मीडिया, केंद्रीय कार्यालय और सोशल मीडिया से जुड़े दायित्वों में भी प्रदेश के नेताओं को स्थान मिलने से राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की संगठनात्मक भागीदारी मजबूत हुई है।
