APK फाइल डाउनलोड करते ही खाते से उड़ गए 99 हजार रुपये, साइबर सेल ने पूरी रकम वापस कराई

Spread the love

हरिद्वार। भीमगौड़ा निवासी एक व्यक्ति को मोबाइल पर APK फाइल डाउनलोड करना महंगा पड़ गया। फाइल डाउनलोड करने के बाद मोबाइल में अपडेट का विकल्प दिखाई दिया और इसी दौरान साइबर ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कटने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी थाने और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही साइबर सेल हरिद्वार तत्काल हरकत में आई और ठगी की रकम को संबंधित बैंक के माध्यम से होल्ड कराया गया। इसके बाद साइबर सेल द्वारा आवश्यक पत्राचार और कार्रवाई करते हुए 99,000 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

ठगी गई रकम शत-प्रतिशत वापस मिलने पर पीड़ित ने हरिद्वार पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन पर आने वाली किसी भी APK फाइल को बिना सत्यापन डाउनलोड न करें और संदिग्ध लिंक, फाइल या अपडेट के नाम पर मांगी जाने वाली अनुमति को स्वीकार न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि रकम को समय रहते होल्ड कराया जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles