चोरी की दो घटनाओं का खुलासा, नशे की लत ने बनाया चोर

देहरादून। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने चोरी की अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एचपी कंपनी का लैपटॉप, सोनी एक्सपीरिया मोबाइल फोन और सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को रिस्पना नगर निवासी संदीप राणा ने उनकी एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की शिकायत थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज कराई थी। इसके बाद 18 अगस्त की रात महादेवपुरम निवासी चौधरी धीरज सिंह के कार्यालय से लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकदी चोरी होने की घटना सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन भी किया गया।
जांच के दौरान 21 अगस्त को पुलिस टीम राजीव नगर पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एक्टिवा पर आ रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर युवक ने स्कूटी तेजी से मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी फिसलने से वह मौके पर गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम सुनील पुत्र उम्मेद सिंह, निवासी उफल्डा, थाना श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल, उम्र 28 वर्ष बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से एचपी कंपनी का लैपटॉप और सोनी एक्सपीरिया मोबाइल फोन बरामद हुआ। बिना नंबर की एक्टिवा और बरामद सामान के संबंध में सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने लैपटॉप और मोबाइल फोन महादेवपुरम क्षेत्र तथा एक्टिवा रिस्पना नगर से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी किए गए सामान और एक्टिवा को बेचने की फिराक में वह घूम रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, चौकी प्रभारी फव्वारा चौक, अपर उपनिरीक्षक अंशुल सिंह बर्तवाल, कांस्टेबल सत्यवीर और कांस्टेबल मुकेश जोशी शामिल रहे।


