अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ का सम्मेलन संपन्न, अनिल नौटियाल प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, उत्तराखंड का प्रांतीय एवं जिला सम्मेलन तथा शैक्षिक विचार गोष्ठी हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, लक्ष्मण चौक में आयोजित की गई। सम्मेलन का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में युवा कल्याण राज्य मंत्री कुंदन लटवाल तथा पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शैक्षिक विचार गोष्ठी में SCERT के विषय विशेषज्ञ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के महत्वपूर्ण प्रावधानों, उद्देश्यों और प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि कुंदन लटवाल ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ते हुए कहा कि शिक्षा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और इसे मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक, समावेशी और रोजगारपरक बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक क्षमता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके सफल क्रियान्वयन में अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
सम्मेलन में प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजलवाण एवं प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों की लंबित मांगों को मुख्यमंत्री एवं संबंधित शिक्षा मंत्रियों के समक्ष रखने की बात कही। राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने संगठन को आश्वस्त किया कि अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और शासन के प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित कराई जाएगी।
पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं और इन विद्यालयों के शैक्षिक परिणाम भी बेहतर रहे हैं। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर वार्ता का आश्वासन दिया।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई प्रांतीय कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। अनिल नौटियाल को प्रांतीय अध्यक्ष, महादेव मैठाणी को प्रांतीय महामंत्री और मनमोहन सिंह नेगी को प्रांतीय कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
देहरादून जनपद की कार्यकारिणी में दिनेश डोबरियाल को जिला अध्यक्ष, महावीर सिंह मेहता को जिला महामंत्री और गिरीश सेमवाल को जिला कोषाध्यक्ष चुना गया।
सम्मेलन के अंत में संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष स्वर्गीय राजे सिंह नेगी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन सम्मेलन संयोजक एवं जिला अध्यक्ष अनिल कुमार नौटियाल ने किया।
सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ प्रांतीय, मंडलीय एवं जिला पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों से जुड़े विभिन्न शैक्षिक एवं सेवा संबंधी विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
कार्यक्रम के समापन पर संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवं संरक्षक स्वर्गीय श्री राजे सिंह नेगी जी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
