एसपी जया बलूनी ने युवाओं को किया जागरूक, बोलीं—नशे से बचाव में खेल और सकारात्मक सोच अहम

देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दून विश्वविद्यालय में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘खेल को हाँ, नशे को ना’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। नित्यानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया।
कुलपति ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ उनके मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पुलिस अधीक्षक जया बलूनी ने युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के मनोवैज्ञानिक कारणों और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा, मित्रों के दबाव, तनाव, अकेलेपन अथवा समस्याओं से बचने की कोशिश से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे की समस्या से जूझ रहे युवाओं को उपेक्षित करने के बजाय उन्हें उचित सहायता और मार्गदर्शन देने की अपील की।
वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. राजेश भट्ट ने नशे की लत के पीछे तनाव, भावनात्मक समस्याओं, आवेगशीलता, साथियों के दबाव और मस्तिष्क की पुरस्कार प्रणाली जैसे कारकों की जानकारी दी। उन्होंने खेल, व्यायाम, ध्यान, पर्याप्त नींद, रचनात्मक गतिविधियों और मनोवैज्ञानिक परामर्श को नशे से बचाव के प्रभावी माध्यम बताया।
खेल क्लब की संयोजक डॉ. शांकी चंद्रा ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और धैर्य विकसित करते हैं। वहीं शारीरिक उपचार विशेषज्ञ डॉ. आरुषि ने खिलाड़ियों को खेलों के दौरान चोट से बचाव और प्राथमिक सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की संयोजक प्रो. रीना सिंह ने कहा कि ‘खेल को हाँ, नशे को ना’ अभियान को निरंतर गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रो. आर.पी. ममगाईं, प्रो. एच.सी. पुरोहित, प्रो. चेतना पोखरियाल, प्रो. हर्ष डोभाल, आबसार अब्बासी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
