एसएसपी श्वेता चौबे ने चंबा सर्किल के चार थानों का लिया आदेश कक्ष, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

एसएसपी श्वेता चौबे ने चंबा सर्किल के चार थानों का लिया आदेश कक्ष, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
Spread the love

टिहरी । लंबित विवेचनाओं और आमजन की शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने चंबा सर्किल के चार थानों का आदेश कक्ष लिया। इसमें कोतवाली चंबा, कोतवाली कैंपटी, थाना छाम और थाना थत्यूड़ के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

आदेश कक्ष में लंबित विवेचनाओं, पार्ट पेंडिंग मामलों, पुनर्विवेचनाओं, राजस्व संबंधी प्रकरणों, लंबित अहकामात, शिकायती प्रार्थना पत्रों और सीएम हेल्पलाइन की जांचों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं विवेचकों को सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान प्रत्येक लंबित प्रकरण के कारणों की जानकारी लेते हुए उसके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही जमानती एवं गैर-जमानती वारंटों की समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया कि लंबित विवेचनाओं एवं शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विवेचनाओं की गुणवत्ता, साक्ष्यों के उचित संकलन तथा पीड़ित एवं शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्राधिकारी चंबा द्वारा लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को नियमित समीक्षा के माध्यम से जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने तथा आमजन को त्वरित न्याय एवं समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा, वाचक एसएसपी प्रवींद्र सिंह रावत, चारों थानों के थाना प्रभारी एवं विवेचक मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles