AI से स्मार्ट बनेगी उत्तराखंड पुलिसिंग, IIT रुड़की के विशेषज्ञों संग पुलिस मुख्यालय में मंथन

AI से स्मार्ट बनेगी उत्तराखंड पुलिसिंग, IIT रुड़की के विशेषज्ञों संग पुलिस मुख्यालय में मंथन
Spread the love

देहरादून। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और संभावनाओं को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में “AI for Smart Policing: From Everyday Police Operations to Intelligent Surveillance and Cybersecurity” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।

पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत शंकर ताकवाले के संयोजन में आयोजित कार्यशाला में IIT रुड़की के विशेषज्ञों और उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसिंग में AI के व्यावहारिक उपयोग, साइबर सुरक्षा और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को लेकर व्यापक मंथन किया।

कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में IIT रुड़की के प्रो. सौमित्र सतपथी, प्रो. सुदीप रॉय, प्रो. राघवेंद्र सिंह रोहित तथा अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा अंकुश मिश्रा ने AI in Everyday Policing, Crime Prevention से Smarter Decision Making, AI for Smart Policing और Emerging Cyber Security Challenges for Police जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दीं।

इस दौरान साइबर सुरक्षा, इंटेलिजेंट सर्विलांस, अपराध विश्लेषण, डेटा आधारित पुलिसिंग, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा दैनिक पुलिस कार्यों में AI के संभावित उपयोग पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने अपने कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और तकनीक के व्यावहारिक इस्तेमाल से जुड़े अनुभव भी साझा किए।

चर्चा में AI के उपयोग के साथ डेटा सुरक्षा, गोपनीयता, विश्वसनीयता और मानवीय विवेक जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विशेष जोर दिया गया।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि तकनीक और AI पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, त्वरित और डेटा आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि AI को मानव विवेक के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारियों की निर्णय क्षमता को मजबूत करने वाले तकनीकी माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार AI, डेटा सुरक्षा और गोपनीयता के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड पुलिस को भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीक-सक्षम पुलिस बल बनाया जाएगा।

कार्यशाला में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत शंकर ताकवाले, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय/पी एंड एम बरिन्दरजीत सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक सतर्कता प्रह्लाद मीणा सहित पुलिस मुख्यालय एवं देहरादून स्थित विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles