युवाओं और सैनिकों से संवाद से पहले भाजपा बताए, उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिला: गरिमा दसौनी

कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नितिन नवीन आज युवाओं और सैनिकों से संवाद कर रहे हैं, लेकिन भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिला और अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं की चिंताओं का जवाब कौन देगा।
गरिमा दसौनी ने सैन्यधाम को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम में कथित भ्रष्टाचार और इसको लेकर गणेश जोशी के चुनावी लाभ संबंधी बयान पर भाजपा को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रोजगार की मांग करने वाले युवाओं पर लाठियां चलाने वाली सरकार आज संवाद का दिखावा कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी के युवा संवाद की नकल करने से राहुल गांधी जैसा जुड़ाव नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि ‘राहुल मियां’ जैसी भाषा भाजपा की हताशा को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कांग्रेस पर तिल का ताड़ बनाने के आरोप पर पलटवार करते हुए गरिमा दसौनी ने कहा कि यदि अंकिता भंडारी का मामला मुख्यमंत्री के लिए ‘तिल’ है तो उनके न्याय की आवाज कांग्रेस के लिए ‘ताड़’ है और पार्टी इस मुद्दे को बार-बार उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड के स्वाभिमान और अस्मिता का सवाल हैं और उनके न्याय की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
