कोटद्वार से लापता महिला और 15 माह का बच्चा लुधियाना से बरामद, 24 घंटे में पुलिस ने खोजा

पौड़ी/कोटद्वार। कोटद्वार पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई महिला और उसके 15 माह के बच्चे को 24 घंटे के भीतर पंजाब के लुधियाना से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी पत्नी अपने 15 माह के बच्चे को साथ लेकर बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन महिला और बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर उनकी तलाश शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की सहायता से महिला और बच्चे की तलाश की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनके पंजाब के लुधियाना में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में महिला ने पारिवारिक नाराजगी के कारण घर से चले जाने की बात बताई। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद महिला तथा बच्चे को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी, उपनिरीक्षक विनोद चपराना, हेड कांस्टेबल करन, कांस्टेबल कुलदीप, महिला होमगार्ड रश्मि और तकनीकी सहायता प्रदान करने वाले कांस्टेबल अवनीश शामिल रहे।


