पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, एसटीएफ ने दो दबोचे

1150 ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन कफ सिरप बरामद, एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। पिरान कलियर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की टीम ने मोनी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर 1150 नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन कफ सिरप बरामद किए। बरामद दवाओं के संबंध में अभियुक्त कोई वैध अभिलेख अथवा चिकित्सकीय पर्चा प्रस्तुत नहीं कर सके।
15 सितंबर 2026 को एसटीएफ कार्यालय देहरादून को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में संचालित मोनी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मेडिकल स्टोर के काउंटर तथा अन्य स्थानों से कुल 1150 Puroxiwin Spas कैप्सूल और 10 Codeictus TR सिरप बरामद किए गए। एसटीएफ के अनुसार बरामद सिरप में ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड और कोडीन फॉस्फेट शामिल हैं। दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज और चिकित्सकीय पर्चे मांगे जाने पर दुकान पर मौजूद दोनों व्यक्ति कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
मौके पर पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एसटीएफ ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कलियर, जनपद हरिद्वार में धारा 8/22/29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। बरामद नशीली दवाओं को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कुर्बान अली पुत्र अब्दुल मजीद, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम महमूदपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार तथा आदिल पुत्र जिन्दा हसन, उम्र 24 वर्ष, निवासी मुकरपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार शामिल हैं।
एसटीएफ की कार्रवाई में निरीक्षक भवानी पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, दीवान विनोद जगूड़ी, दीवान हरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रवि पंत, हेड कांस्टेबल देशराज तथा थाना कलियर पुलिस टीम शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से नशे से दूर रहने और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल न होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी से संबंधित सूचना मिलती है तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को सूचना दें। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध एसटीएफ की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
एसटीएफ/एएनटीएफ संपर्क नंबर: 0135-2656202, 9412029536
