पूर्व सैनिकों ने उठाई समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग, रघुनाथ सिंह नेगी बोले- अधिकारों की लड़ाई में मोर्चा साथ

विकासनगर। डाकपत्थर स्थित मनोरंजन सदन द्वितीय में पूर्व सैनिकों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रघुनाथ सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने नेगी का स्वागत एवं अभिनंदन किया और उपनल के माध्यम से उत्तराखंड जल विद्युत निगम में कार्यरत पूर्व सैनिक सुरक्षा कर्मियों एवं वाहन चालकों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाने की मांग की।
जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि अब यह लड़ाई केवल पूर्व सैनिकों की नहीं, बल्कि जन संघर्ष मोर्चा की भी लड़ाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के अधिकारों के लिए मोर्चा मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर मोर्चा जल्द ही मुख्यमंत्री के समक्ष मामला रखेगा।
नेगी ने कहा कि यदि शासन स्तर पर पूर्व सैनिकों की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जन संघर्ष मोर्चा आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा की है और उनके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, महामंत्री मुन्ना सिंह तोमर, शीशपाल तोमर, सुभाष कुमार, राजेश भारद्वाज, राकेश गुलेरिया, शशिकांत जसोला, दरवान सिंह नेगी, धर्मपाल सिंह, सत्य प्रकाश जोशी, सुनील कुमार, किशन चौहान, गंगा सिंह, नीरज सिंह, राकेश बिष्ट, जितेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, सुभाष चंद्र, अमरजीत, राकेश छेत्री, अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे। मोर्चा की ओर से हाजी असद और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी उपस्थित रहे।
