स्पा सेंटरों पर एएचटीयू की सघन चेकिंग, 06 प्रतिष्ठानों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई

Spread the love

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) नैनीताल ने हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों और निर्धारित मानकों का पालन न करने पर छह स्पा सेंटरों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट म0उ0नि0 सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों की जांच की। चेकिंग के दौरान अभिलेखों के रखरखाव और कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में पाया गया कि कई स्पा सेंटरों के ग्राहक रजिस्टर में ग्राहकों का पूर्ण विवरण अंकित नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा स्पा सेंटरों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था।

इन अनियमितताओं के संबंध में ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई। छहों प्रतिष्ठानों से कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

नैनीताल पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को निर्देशित किया कि प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए। साथ ही स्पा सेंटर में आने वाले प्रत्येक ग्राहक का पूर्ण एवं सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

नैनीताल पुलिस ने बताया कि मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत स्पा सेंटरों सहित ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles