चमोली पुल पर आत्महत्या की कोशिश कर रहा युवक पुलिस ने बचाया, पत्नी से विवाद के बाद उठाया था कदम

चमोली,। चमोली पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। मंगलवार शाम गश्त के दौरान पुलिस टीम ने चमोली पुल पर एक युवक को रेलिंग पर चढ़कर अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की तैयारी करते देखा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे नदी में कूदने से रोककर सकुशल बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, चमोली पुलिस टीम शाम के समय गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को चमोली पुल पर एक युवक रेलिंग के ऊपर दिखाई दिया। युवक नीचे बह रही अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की तैयारी में था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की। हमराह कांस्टेबल मुकेश सैलानी और पीआरडी जवान सुरेंद्र भारती की मदद से पुलिस टीम ने युवक को समय रहते पकड़ लिया।
पुलिस युवक को थाने लेकर पहुंची, जहां उसे शांतिपूर्वक समझाया-बुझाया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि पत्नी से हुए विवाद के कारण वह काफी परेशान था और आवेश में आकर अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा कदम उठाने जा रहा था।
पुलिस ने युवक को समझाया कि पारिवारिक और व्यक्तिगत परेशानियां जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी परिस्थिति में आत्मघाती कदम समाधान नहीं है। पुलिस की ओर से युवक को मानसिक रूप से संभालने का प्रयास किया गया। इसके बाद उसके परिजनों को थाने बुलाया गया और युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
चमोली पुलिस की तत्परता से समय रहते एक अनहोनी टल गई और एक परिवार को संभावित दुख से बचा लिया गया। पुलिसकर्मियों की कुछ पलों की सतर्कता युवक के लिए जिंदगी और मौत के बीच निर्णायक साबित हुई।
