सहस्त्रधारा रोड के स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालिका गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सहस्त्रधारा रोड स्थित सनराइज स्पा सेंटर में छापेमारी कर पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार संचालित करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ 3,740 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 नवंबर 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना रायपुर क्षेत्र में टचवुड स्कूल के पास स्थित सनराइज स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है।
सूचना पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और थाना रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर में औचक छापेमारी की। इस दौरान सेंटर के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री और नकदी भी बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर का संचालन कर अनैतिक देह व्यापार कराने वाली महिला वकिला पुत्री गुलाम रसूल को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला ग्राहकों को स्पेशल सर्विस देने के नाम पर अनैतिक गतिविधियां संचालित कर रही थी।
गिरफ्तार महिला के विरुद्ध थाना रायपुर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी करने वाली एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम में निरीक्षक राकेन्द्र कठैत, महिला उपनिरीक्षक कल्पना पाण्डेय, हेड कांस्टेबल रचना डोभाल, कांस्टेबल आशीष चौहान, प्रदीप सिंह और देवेन्द्र सिंह शामिल रहे। वहीं थाना रायपुर पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक विकसित पंवार, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह रावत और कांस्टेबल मोहित सैलानी ने कार्रवाई में सहयोग किया।


