अरब सागर में तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 3,000 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ जब्त; पांच पाकिस्तानी नागरिक पकड़े गए

अरब सागर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,000 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। 25 सितंबर 2026 को लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान करीब 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी पकड़ा गया है।
खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्री और हवाई निगरानी तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध नाव पर लगातार नजर रखी। निगरानी के दौरान ईरान की एक संदिग्ध नाव की पहचान हुई, जिसका लगातार पीछा कर उसे समुद्र में रोक लिया गया। तलाशी के दौरान नाव से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, पकड़ी गई नाव, उसके चालक दल के सदस्यों तथा जब्त की गई सामग्री को कड़ी सुरक्षा के बीच आगे की जांच के लिए मुंबई ले जाया गया है। मामले में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस की इस संयुक्त कार्रवाई को समुद्री मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। कार्रवाई ‘नशा मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान है। भारतीय तटरक्षक बल ने स्पष्ट किया है कि देश के समुद्री क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
