सड़क हादसे में तीन मौतों के बाद एसएसपी अजय गणपति का सख्त एक्शन, दो चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

कुंडा क्षेत्र में भीषण दुर्घटना में सात लोग हुए थे घायल, चेकिंग में लापरवाही पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के कुंडा कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रभावी चेकिंग अभियान संचालित करने में लापरवाही बरतने के मामले में एसएसपी ने दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को कुंडा कोतवाली क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोग घायल हो गए थे, जबकि तीन लोगों की मृत्यु हो गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी चेकिंग व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी क्रम में चेकिंग व्यवस्था में लापरवाही के मामले में चौकी शिवराजपुर पट्टी के प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ भारती और चौकी मंडी के प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज देव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
एसएसपी की इस कार्रवाई को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए पुलिस की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


