HTML tutorial
HTML tutorial

दून अस्पताल में चापड़ लहराकर डॉक्टरों और कर्मचारियों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

दून अस्पताल में चापड़ लहराकर डॉक्टरों और कर्मचारियों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर घुसने और चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ व सुरक्षाकर्मियों को डराने-धमकाने के आरोपी को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रौनक मल्होत्रा (29) पुत्र रनवीर मल्होत्रा, निवासी बिंदाल चौकी क्षेत्र, थाना कैंट, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन विभाग की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभा ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस आया और उसे लहराते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा सुरक्षाकर्मियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा किया। आरोपी ने सरकारी कार्य में भी बाधा पहुंचाई थी। शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 125, 131 और 221 में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने 11 अक्टूबर को नगर कोतवाली क्षेत्र से रौनक मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। चापड़ बरामद होने के बाद मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंच गया और वहां मौजूद चिकित्सकों तथा अन्य लोगों को डराने-धमकाने लगा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नगर कोतवाली और डालनवाला कोतवाली में लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में नगर कोतवाली में लूट और चोरी की संपत्ति रखने, वर्ष 2017 में हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी, वर्ष 2021 में शस्त्र अधिनियम तथा वर्ष 2022 में हत्या के प्रयास और मारपीट से संबंधित मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके अलावा वर्ष 2025 में डालनवाला कोतवाली में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।

कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक मयंक ममगाईं, कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल मान सिंह, कांस्टेबल लोकेन्द्र, एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार और पीआरडी जवान प्रदीप कुमार शामिल रहे।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles