HTML tutorial
HTML tutorial

अंकिता भंडारी प्रकरण में माता-पिता की गिरफ्तारी के विरोध में सीबीआई कार्यालय पहुंची आम आदमी पार्टी

अंकिता भंडारी प्रकरण में माता-पिता की गिरफ्तारी के विरोध में सीबीआई कार्यालय पहुंची आम आदमी पार्टी
Spread the love

देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण में उसके माता-पिता की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी और जांच में कथित देरी के विरोध में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में सीबीआई कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने अंकिता को न्याय दिलाने, उसके माता-पिता के साथ न्याय सुनिश्चित करने और मामले से जुड़े कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड की जनता की भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मामला है। इस मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच के माध्यम से सामने आना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पद या प्रभाव के आधार पर जांच से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने भावुक होते हुए कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसे न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ी लड़ाई है। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता को न्याय की मांग उठाने के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ना बेहद पीड़ादायक है। उनकी पीड़ा को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना समाज तथा सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता लंबे समय से अंकिता भंडारी मामले में पारदर्शिता और न्याय की मांग कर रही है। जनता के मन में उठ रहे सवालों का समाधान निष्पक्ष जांच और तथ्यों को सार्वजनिक करने से ही संभव है। उन्होंने मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय मिलना चाहिए और उसके परिवार को न्याय की लड़ाई में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।

पार्टी के वरिष्ठ नेता श्याम बाबू पाण्डेय ने भी अंकिता को न्याय दिलाने, उसके माता-पिता के सम्मान की रक्षा करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

प्रदर्शन में युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, शैलेश तिवारी, विनोद बजाज, गणेश कुड़ियाल, छात्र इकाई अध्यक्ष अक्षय शर्मा, अशोक सेमवाल, सीपी सिंह, विजय कुमार, रेखा सिंह, अफसाना, सोनिया, राजीव तोमर, ज्योति, विजय भूषण, वंश भूषण, शिवम, आशीष, गौरव और प्रीतम जोशी सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles