HTML tutorial
HTML tutorial

देहरादून में संगठित अपराध पर शिकंजा, हेमन्त सेमवाल सहित चार पर गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज

देहरादून में संगठित अपराध पर शिकंजा, हेमन्त सेमवाल सहित चार पर गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज
Spread the love

देहरादून। जनपद में संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने कथित आपराधिक गिरोह के सरगना हेमन्त सेमवाल सहित चार आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, मारपीट और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मामलों में पहले से अभियोग दर्ज हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर प्रयास किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना हेमन्त सेमवाल अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहा है। गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी, कोतवाली नगर और थाना पटेलनगर में विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। उनके लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के मद्देनजर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी देहरादून को रिपोर्ट भेजी गई थी। जिलाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा अपराध संख्या 439/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 2/3 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर एक्ट के तहत नामजद आरोपियों में हेमन्त सेमवाल पुत्र जगदीश प्रसाद सेमवाल, निवासी नई बस्ती, सी-ब्लॉक, रेसकोर्स, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून, उम्र 37 वर्ष; आदिल पुत्र आबिद हुसैन, निवासी नई बस्ती, सी-ब्लॉक, रेसकोर्स, देहरादून, उम्र 38 वर्ष; वैभव भट्ट उर्फ संजू पुत्र पिन्टू भट्ट, निवासी नई बस्ती, सी-ब्लॉक, रेसकोर्स, देहरादून, उम्र 25 वर्ष; तथा राजनन्दन कुमार पुत्र मनमोहन ठाकुर, निवासी साधना विशाल मेगामार्ट के पीछे, न्यू पटेलनगर, देहरादून, मूल निवासी ग्राम सतमिडवा, थाना मझौलिया, जिला बेतिया, बिहार, उम्र 22 वर्ष शामिल हैं।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles