HTML tutorial
HTML tutorial

STF की बड़ी कार्रवाई, 35 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

STF की बड़ी कार्रवाई, 35 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है। बरामद अफीम का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 35 लाख रुपये बताया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देश पर प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने ऊधम सिंह नगर जनपद के किच्छा क्षेत्र में कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अफीम झारखंड से खरीदकर लाए थे और इसे उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब अफीम की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के आगे और पीछे के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खलीक अहमद पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी आरिफपुर नवादा, थाना सिविल लाइन, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश तथा जीतेन्द्र पुत्र रमेश सिंह, निवासी शांति बिहार, हंस पब्लिक स्कूल के पास, थाना सुभाष नगर, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की ओर से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं, कोतवाली किच्छा पुलिस की टीम में निरीक्षक रवि सैनी, उपनिरीक्षक पवन जोशी और आरक्षी दीपक कुमार शामिल थे।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles