गायत्री जयंती-गंगा दशहरा कार्यक्रम के दूसरे दिन शांतिकुंज ने निकाली भव्य रैली
हरिद्वार।देवभूमि खबर।। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में आयोजित हो रहे गायत्री जयंती व गंगा दशहरा कार्यक्रम के दूसरे भव्य रैली निकाली गयी, जिसे शांतिकुंज के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं कालीचरण शर्मा, डॉ. ओपी शर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शांतिकुंज के गेट नं.3 से निकलकर हरिपुरकलां व उत्तरी हरिद्वार होते वापस युग ऋषि पं.श्रीराम शर्मा आचार्य व माता भगवती देवी शर्मा की पावन समाधि स्थल पर पहुँची। जहाँ महिला मण्डल की बहिनों ने आरती उतारकर स्वागत किया। रैली में गंगा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण सहित हरिद्वार को हराभरा बनाने हेतु अपील की गयी।
वहीं शांतिकुंज के मुख्य सभागार में आयोजित सत्संग को संबोधित करते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने गायत्री की महिमा पर विस्तृत प्रकाश डाला। डॉ पण्ड्या ने विभिन्न आर्षग्रंथों में उल्लेखित श्लोकों, चैपाइयों के माध्यम से गायत्री महामंत्र की महिमा पर जानकारी दी। प्रतिकुलपति ने कहा कि गायत्री महामंत्र की साधना से साधक में पात्रता विकसित होती है और उसे लौकिक व पारलौकिक स्तर के लाभ भी मिलने लगते हैं। विश्वामित्र आदि ऋषियों ने गायत्री मंत्र के जप से ही सफलताएँ प्राप्त की थीं। गायत्री मंत्र की साधना से साधक में इन्द्रिय संयम, विचार संयम, अर्थ संयम व समय संयम का पालन करने की क्षमता भी विकसित होता है। प्रतिकुलपति ने गायत्री मंत्र की वैज्ञानिक विवेचन करते हुए इसके नियमित जप करने के लिए के आवाहन किया।
इससे पूर्व शांतिकुंज व गायत्री विद्यापीठ के कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिसमें गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने, समाज की बुराइयों को मिटाने एवं जन-जन में सकारात्मक विचार पैदा करने की मार्मिक प्रस्तुतियों को जनसमुदाय से खुब सराहना मिली। शांतिकुंज मीडिया विभाग के अनुसार गायत्री जयंती-गंगा दशहरा का मुख्य कार्यक्रम 12 जून को होगा। साथ ही विभिन्न संस्कार वैदिक परंपरानुसार निःशुल्क सम्पन्न कराये जायेंगे।
