सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर वीडियो वायरल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए वीडियो वायरल करने के मामले में सिडकुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को थाना सिडकुल क्षेत्र के रोशनाबाद में कुछ व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 474/26 के तहत आईटी एक्ट की धारा 67, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द) में वंशपाल आदि के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मामले की जांच और कार्रवाई के क्रम में 9 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की पहचान दीपांशु पाल पुत्र राजीव पाल और वंशपाल पुत्र प्रवीन पाल, दोनों निवासी ग्राम रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल कुलदीप बगासी और कांस्टेबल मनीष शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


