दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट का देहरादून पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट की घटना का देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी पुत्र धज्जा राम, निवासी राणा कॉलोनी, हरिपुर कलां, मोतीचूर, देहरादून ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में अपने परिचित दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेने देहरादून आए थे। इसके बाद वह दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविन्दर के साथ वाहन संख्या UK06 2002 से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइकों पर सवार चार-पांच युवकों ने उनके साथ मारपीट की और वाहन की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 859/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 310(2) और 3(5) में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की जानकारी जुटाई। इन प्रयासों के आधार पर पुलिस ने अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र स्वर्गीय पंजाब सिंह, निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर, हाल निवासी देहराखास, देहरादून; जसमीत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी सुंदरपुर, थाना बिहारीगढ़, हाल निवासी पटेलनगर, देहरादून; तथा शक्ति सिंह पुत्र स्वर्गीय बलबीर सिंह, निवासी राजपुर रोड, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपियों में जसमीत की उम्र 18 वर्ष और शक्ति सिंह की उम्र 47 वर्ष है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें जानकारी मिली थी कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। इसके बाद आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर जल्द पैसा कमाने के उद्देश्य से लूट की योजना बनाई। 7 नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास राजेश कुमार सोनी और उनके साथियों के साथ मारपीट कर वाहन में रखा 14 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1.50 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। घटना में शामिल प्रकाश में आए चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह तथा कांस्टेबल पंकज कुमार, गौरव कुमार, सूरज राणा और संदीप कुमार शामिल रहे।


